वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आज यहाँ कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी आज पूरी दुनिया के लिए सामाजिक सद्भाव, सौहार्द, सहिष्णुता, शांति, समृद्धि का "सार्थक सन्देश वाहक" बन गए हैं। आज नई दिल्ली में भारतीय बौद्ध संघ द्वारा महर्षि वालमीकि जयंती पर आयोजित सामाजिक समरसता सम्मलेन में श्री नकवी ने कहा कि चाहे कोरोना की चुनौतियाँ रही हों या रूस-यूक्रेन युद्ध, आज पूरी दुनिया श्री मोदी को संकटमोचक के रूप में देख रही है।
श्री नकवी ने कहा कि विश्व के ताकतवर और विकसित देशों के नेता भी श्री मोदी के विकास अभियानों की तारीफ कर रहे हैं। श्री मोदी के डिजिटल भुगतान, स्वच्छता, टीकाकरण अभियान, महिला सशक्तिकरण जैसे विकास कार्यक्रमों की दुनिया भर में प्रशंसा हो रही है। श्री नकवी ने कहा कि भारत आज पूरी दुनिया के लिए सामाजिक समरसता, भाईचारे, सहिष्णुता की मिसाल है। भारत दुनिया का अकेला ऐसा देश है जहाँ सभी धर्मों, सम्प्रदायों के मानने वाले करोड़ों लोग शांति, सौहार्द के साथ रह रहे हैं।
श्री नकवी ने कहा कि भारत में जहाँ सभी पंथों, सम्प्रदायों को मानने वाले रहते हैं, वहीँ भारत में किसी भी मजहब को ना मानने वाले लोग भी रहते हैं। यही "अनेकता में एकता" की ताकत भारत को "एक भारत श्रेष्ठ भारत" बनाती है। श्री नकवी ने कहा कि कुछ शैतानी तत्व भारत की "अनेकता में एकता" और सामाजिक सौहार्द की ताकत को नुक्सान पहुंचाने की साजिश करते रहते हैं लेकिन देश के लोगों ने मिल कर ऐसी शैतानी ताकतों को अपने मंसूबों में कभी कामयाब नहीं होने दिया।
श्री नकवी ने कहा कि ऐसी तमाम साजिशों के बावजूद हमारी संस्कृति-संस्कार-संविधान ने "अनेकता में एकता" की डोर को कमजोर नहीं होने दिया। समावेशी विकास के रास्ते में बाधाएँ आई भी तो हमारी इसी ताकत ने देश को रुकने नहीं दिया। इस अवसर पर भारतीय बौद्ध संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष भन्ते संघप्रिय राहुल, विभिन्न धर्म गुरु, शिक्षा, सामाजिक, सांस्कृतिक, स्वास्थ्य आदि क्षेत्रों के प्रमुख लोग भी उपस्थित रहे।