वरिष्ठ भाजपा नेता एवं केंद्रीय मंत्री श्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आज यहाँ कहा कि श्री नरेंद्र मोदी, सुशासन का इंस्टीट्यूशन एवं समावेशी विकास का मिशन हैं। आज नई दिल्ली में “मोदी@20 ड्रीम्स मीट डिलीवरी” किताब के विमोचन कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में श्री नकवी ने कहा कि मोदी बैशिंग ब्रिगेड की राजनीतिक असहिष्णुता और मोदी फोबिया की सनक को परास्त करते हुए, श्री नरेंद्र मोदी ने कड़े परिश्रम एवं तपस्या से सुशासन एवं समावेशी सशक्तिकरण के मिशन को अंतर्राष्ट्रीय प्रमाणिकता दी है।
श्री नकवी ने कहा कि पिछले 20 वर्षों में श्री नरेंद्र मोदी ने विकास के मसौदे को वोट के सौदे के सियासी चक्रव्यूह से मुक्त कर सर्वस्पर्शी विकास को सुशासन की संस्कृति बनाया। श्री नकवी ने कहा कि श्री मोदी ने सुशासन के इंस्टीट्यूशन और समावेशी विकास के मिशन के रास्ते में “सियासी संकट” और साजिशों के कंटक को अपने परिश्रम से परास्त कर जनता के विश्वास और विकास से सफल बनाया।
श्री नकवी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कास्ट, कम्युनिटी की संक्रिण सियासी संस्कृति को खत्म कर “कॉमन पीपुल” को प्रोग्रेस, प्रोस्पेरिटी का प्रिशियस पार्टनर बनाया है। श्री नकवी ने कहा कि श्री नरेंद्र मोदी के परिश्रम-परिणाम के मंतर ने परिक्रमा पॉलिटिक्स को छू मंतर” किया है। किताब का विमोचन भारत के उप-राष्ट्रपति श्री एम वेंकैया नायडू द्वारा विज्ञान भवन में किया गया।