पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आज यहाँ कहा कि “मोदी के काम की गिनती” ने उन्हें “कोसने वालों का गणित” बिगाड़ दिया है।
आज भरतपुर, राजस्थान में आयोजित रोज़ा इफ़्तार के अवसर पर श्री नकवी ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ बयानबाजी कर रहे कुछ लोगों को बिना नाम लिए आड़े हाथ लेते हुए कहा कि श्री मोदी पर हमला करते करते हताश हो चुके लोग "किराए के हमलावरों" के सहारे मैदान मारना चाहते हैं।
श्री नकवी ने कहा कि श्री मोदी "ताकतवर शख्स ही नहीं बल्कि तपस्वी शख्सियत भी हैं", "शख्स से शख्सियत" बनने का सफ़र उनकी "तपस्या की ताक़त", "परिश्रम का परिणाम" है।
श्री नकवी ने कहा कि दुनिया को "जीरो" देने वाला भारत आज विश्व का "हीरो" है। "जीरो से हीरो" बनना "बाई डिफॉल्ट नहीं, बाई डिटरमिनेशन" हुआ है, यह अचानक नहीं बल्कि आत्मनिर्भर भारत के सफल सफर का नतीजा है।
श्री नकवी ने कहा कि "मोदी विरोधी मोर्चा" की भारत की धाक-मोदी की धमक को धूमिल करने की धूर्ततापूर्ण धुन उसे खुद धूलधूसरित कर रही है। भाजपा की नीतियों को नकारने की हठ, कांग्रेस और विपक्ष की "नकारात्मक रट" में बदल गई है।
श्री नकवी ने कहा कि जनता होशियार है और जानती है कि "गुनहगारों का गैंग" भारत की विकास यात्रा में "स्पीड ब्रेकर्स" बनाना चाहता है। लेकिन श्री मोदी भारत की समृद्धि के मार्ग में आने वाले हर "स्पीड ब्रेकर" को "समावेशी सशक्तिकरण" की ताकत से ध्वस्त कर रहें हैं।
भरतपुर में इस रोज़ा इफ्तार का आयोजन अजमेर दरगाह कमिटी के पूर्व अध्यक्ष एवं सदस्य श्री अमिन पठान द्वारा किया गया। इस अवसर पर विभिन्न धर्मों के धर्म गुरु, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र के प्रमुख लोग शामिल हुए।