केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री एवं उपनेता, राज्यसभा, श्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आज यहाँ कहा कि भारतीय हज यात्री, संपूर्ण मानवता के सुख, समृद्धि और सभी तरह के संकट से सुरक्षित रहने की दुआ मांगें। श्री नकवी ने आज हज 2022 के लिए मुंबई से जाने वाले हज यात्रियों के पहले जत्थे को छत्रपति शिवाजी महाराज अंतराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना करने के दौरान यह बातें कहीं। श्री नकवी ने हज यात्रियों को सफल हज की शुभकामनाएं भी दी। मुंबई इम्बार्केशन पॉइंट से हज पर जाने वाले इस पहले जत्थे में 410 हज यात्री शामिल हैं जिनमें 207 पुरुष और 203 महिला हज यात्री हैं। मुंबई इम्बार्केशन पॉइंट से लगभग 8000 हज यात्री 19 फ्लाइट्स के जरिये हज 2022 पर जायेंगें।
श्री नकवी ने कहा कि महत्वपूर्ण सुधारों, शत प्रतिशत डिजिटल/ऑनलाइन व्यवस्था एवं बेहतर सुविधाओं के साथ हज 2022 सफलतापूर्वक चल रहा है। श्री नकवी ने कहा कि हज 2022 के लिए फ्लाइट्स 4 जून से शुरू हुई हैं। हज 2022 के लिए हज कमेटी ऑफ इंडिया के माध्यम से हज यात्री 10 इम्बार्केशन पॉइंट्स से जा रहे हैं- अहमदाबाद, बेंगलुरु, कोच्चि, दिल्ली, गौहाटी, हैदराबाद, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई और श्रीनगर। श्री नकवी ने कहा कि दो वर्षों के बाद सभी हज यात्रियों को डिजिटल हेल्थ कार्ड, "ई-मसीहा" स्वास्थ्य सुविधा, मक्का-मदीना में ठहरने की बिल्डिंग/ट्रांसपोर्टेशन की जानकारी भारत में ही देने वाली "ई-लगेज टैगिंग" की सुविधा दी गई है।
श्री नकवी ने कहा कि भारत से 79 हजार 237 मुसलमान हज 2022 पर जा रहे हैं। इनमें लगभग 50 प्रतिशत महिलाएं हैं। इनमें 56 हजार 601 हज यात्री, हज कमेटी ऑफ़ इंडिया और 22 हजार 636 हज यात्री, हज ग्रुप ऑर्गनाइजर्स (एचजीओ) के माध्यम से हज 2022 के लिए जा रहे हैं। एचजीओ की भी संपूर्ण प्रक्रिया पारदर्शी एवं ऑनलाइन कर दी गई है। बिना "मेहरम" (पुरुष रिश्तेदार) के 1800 से अधिक मुस्लिम महिलाएं हज 2022 पर जा रहीं हैं, इन्हें लाटरी सिस्टम से बाहर रखा गया है।
श्री नकवी ने कहा कि अहमदाबाद इम्बार्केशन पॉइंट से गुजरात के हज यात्री; बेंगलुरु इम्बार्केशन पॉइंट से कर्नाटक एवं आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले के हज यात्री; कोच्चि इम्बार्केशन पॉइंट से केरल, लक्षद्वीप, पुडुचेर्री, तमिलनाडु, अंडमान एवं निकोबार के हज यात्री; दिल्ली इम्बार्केशन पॉइंट से दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, उत्तराखंड, पश्चिम उत्तर प्रदेश और राजस्थान के हज यात्री हज 2022 पर जा रहें हैं। गौहाटी इम्बार्केशन पॉइंट से असम, मेघालय, मणिपुर, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के हज यात्री; हैदराबाद इम्बार्केशन पॉइंट से आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के हज यात्री; कोलकाता इम्बार्केशन पॉइंट से पश्चिम बंगाल, ओड़िशा, त्रिपुरा, झारखण्ड और बिहार के हज यात्री जा रहे हैं।
लखनऊ इम्बार्केशन पॉइंट से पश्चिम उत्तर प्रदेश को छोड़ कर समस्त उत्तर प्रदेश के हज यात्री; मुंबई इम्बार्केशन पॉइंट से महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दमन एवं दीव, दादरा एवं नगर हवेली और गोवा के हज यात्री और श्रीनगर इम्बार्केशन पॉइंट से जम्मू, कश्मीर, लेह-लदाख-कारगिल के हज यात्री हज 2022 पर जा रहे हैं।
श्री नकवी ने कहा कि हज कमेटी ऑफ इंडिया के माध्यम से अंडमान एवं निकोबार से 114 हज यात्री; आंध्र प्रदेश से 1201; असम से 3544; बिहार से 2210; चंडीगढ़ से 25; छत्तीसगढ़ से 431; दादर एवं नागर हवेली से 17; दमन एवं दीव से 17; दिल्ली से 835; गोवा से 67; गुजरात से 2533; हिमाचल प्रदेश से 38; हरियाणा से 617; जम्मू-कश्मीर से 5281; झारखण्ड से 1559; कर्नाटक से 2764; केरल से 5274; लक्षद्वीप से 159; मध्य प्रदेश से 1780; महाराष्ट्र से 4874; मणिपुर से 335; ओडिशा से 466; पुडुचेरी से 52; पंजाब से 218; राजस्थान से 2072; तमिलनाडु से 1498; त्रिपुरा से 108; उत्तर प्रदेश से 8701; उत्तराखंड से 485; पश्चिम बंगाल से 5911; तेलंगाना से 1822 और लदाख से 216 भारतीय मुसलमान हज 2022 पर जा रहे हैं।
इस अवसर पर मुंबई में रॉयल कौंसल जनरल ऑफ सऊदी अरब हिज़ एक्सेलेन्सी श्री सुलेमान बिन ऐइद अल्-ओतैबी; हज कमेटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन श्री ए. पी. अब्दुल्लाकुट्टी; हज कमेटी ऑफ इंडिया के सीईओ मोहम्मद याकूब शेख एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।