वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आज यहाँ कहा कि मोदी फोबिया के राजनैतिक रोग से पीड़ित प्राणियों का जनता, काला-गोरा मंतर छू मंतर कर देगी। आज रामपुर (यूपी) में विभिन्न कार्यक्रमों में अपने सम्बोधन में श्री नकवी ने कहा कि ऐसे लोग प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “परिश्रम के परिणाम” और “तपस्या की ताकत” को पिटे पॉलिटिकल प्राणियों के जरिये ना कमजोर कर सकते हैं और ना ही परास्त।
श्री नकवी ने कहा कि विपक्ष में दो दर्जन प्रधानमंत्री के उम्मीदवारों की प्रतीक्षा सूची अभी से बन गई है, इसे कहते हैं बिना वेकेंसी का विलाप। श्री नकवी ने कहा कि तमाम राजनीतिक असहिष्णुता, मनगढंत आरोपों के बावजूद प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी समावेशी विकास, सर्वस्पर्शी सशक्तिकरण के संकल्प के साथ काम कर रहे हैं।
श्री नकवी ने कहा कि श्री मोदी के लिए देश की सुरक्षा और सम्मान राष्ट्रनीति है और हर जरूरतमंद का कल्याण राष्ट्रधर्म” है। श्री नकवी ने कहा कि देश की आज़ादी के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आज़ादी के अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की गई है और यह अभियान देश के लोगों को अपनी स्वर्णिम विरासत और इतिहास से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। तिरंगा हमें जोड़ता है, हमें देश के लिए कुछ करने के लिए प्रेरित करता है।
श्री नकवी ने कहा कि आज़ादी का अमृत महोत्सव एक जन आंदोलन का रूप ले रहा है। अपने रामपुर दौरे पर आज श्री नकवी ने महात्मा गाँधी स्टेडियम (फिजिकल ग्राउंड), में आयोजित भव्य तिरंगा-पतंग कार्यक्रमल में भाग लिया जहां 75 पतंगें उड़ा कर तिरंगे को सलाम किया गया।
श्री नकवी ने रामपुर के टांडा में बहुउद्देशीय भवन (महिला हेल्थ केयर, खेल मैदान, अमृत सरोवर) का उद्घाटन किया; इसके अलावा टांडा में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के कार्यालय का भी उद्घाटन किया।
इस अवसर पर रामपुर लोकसभा सांसद श्री घनश्याम सिंह लोधी, उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री श्री बलदेव सिंह ओळख, रामपुर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री ख्यालीराम लोधी, पैकफेड के चेयरमैन श्री सूर्य प्रकाश पाल, मिलक की विधायक श्रीमती राजबाला, भाजपा रामपुर जिला अध्यक्ष श्री अभय गुप्ता एवं अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।