वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री श्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आज यहाँ कहा कि "मोदी-योगी मॉडल", "कट, करप्शन, कमीशन" की सियासत और "दंगों-दबंगों" की दहशत के खात्मे के लिए "सर्वश्रेष्ठ मॉडल" साबित हुआ है।
रामपुर के मिलक में रठौंडा किसान मेला में आज मशहूर कलाकार पुनीत इस्सर, बिंदु दारा सिंह एवं अन्य फिल्म-टीवी जगत के जाने-माने कलाकारों द्वारा महाशिवरात्रि के अवसर पर भव्य "जय श्री राम रामायण" का मंचन ऐतिहासिक शिव मंदिर प्रांगण में किया गया।
इस अवसर पर श्री नकवी ने कहा कि जो उत्तर प्रदेश कभी दंगों, दबंगों की दहशत से त्रस्त था, वही उत्तर प्रदेश आज "दंगों-दबंगों से मुक्त, विकास-विश्वास से युक्त" है। मोदी-योगी, उत्तर प्रदेश के साथ-साथ देश की सुरक्षा, सम्मान, स्वाभिमान के प्रहरी हैं। मोदी-योगी युग ने सांप्रदायिक वोटों की ठेकेदारी को परास्त कर समावेशी विकास में हिस्सेदारी को प्राथमिकता दी है।
श्री नकवी ने कहा कि श्री रामचरितमानस इस देश की आत्मा है, भगवान श्री राम भारत की रगों में बसे हैं। श्री रामचरितमानस को लेकर विवाद खड़ा करने वाले अज्ञानी हैं। "इन्सान को बांटने का पराक्रम" करने वाले अब "भगवान को बांटने का प्रयोग" कर रहे हैं।
श्री नकवी ने कहा कि भारत की तरक्की, खुशहाली को हजम करने में असमर्थ कुछ लोग भारत की आस्था, आत्मविश्वास पर समय-समय पर चोट करने का प्रयास करते हैं, पर देश के संस्कार, संकल्प की ताकत ऐसे "साजिशी सिन्डीकेट" का सूपड़ा साफ कर देती है।
श्री नकवी ने कहा कि ऐसे लोगों को यह अच्छे से समझ लेना चाहिए कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ की "तपस्या की ताकत" ने साबित कर दिया है कि "न सच परेशान हो सकता है न परास्त"।
श्री नकवी ने कहा कि कुछ लोग "सद्भाव का चोला" और "साम्प्रदायिकता का झोला" लेकर समाज में "कम्युनल कन्फ्यूजन पैदा करने की कांस्पीरेसी" कर रहे हैं। हमें एकजुट हो कर ऐसी साजिशों को परास्त करना होगा। रठौंडा किसान मेला में "जय श्री राम रामायण" मंचन में आधुनिक तकनीक और "श्री रामचरित मानस" के विभिन्न प्रसंगों को दमदार ढंग से एक सूत्र में पिरो कर मंझे कलाकारों द्वारा की गई प्रस्तुति रामपुर के रठौंडा में लाखों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं में उत्सुकता व चर्चा का विषय है। इस "जय श्री राम रामायण" मंचन में पुनीत इस्सर एवं बिंदु दारा सिंह के साथ समीक्षा भटनागर, सिद्धांत इस्सर, आशीष दुबे, दीपक सोमलकर, डा. तरुण दत्ता, मीनाक्षी राणा, गायत्री सोहम, साक्षी उपाध्याय, यशोधन राणा महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आये। इनमें से बहुत से कलाकार रामानंद सागर के बहुचर्चित "रामायण" धारावाहिक में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं।