वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री श्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आज यहाँ कहा कि "कांग्रेस की जमीन बंजर है" फिर भी "हाथ में बेवफाई का खंजर है"।
आज नई दिल्ली में पत्रकारों द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा 2024 में विपक्षी गठबंधन के साथ कांग्रेस नेतृत्व वाली सरकार बनाने के सवालों के जवाब में श्री नकवी ने कहा कि गठबंधन के मामलें में "कांग्रेस के बेवफाई के कैरेक्टर" के बारे में पूरा देश जानता है। "या तो परिवार को पावर" नहीं तो दूसरों के लिए "परेशानी का टावर" खड़ा करने की "हिस्ट्रीशीटर" है।
श्री नकवी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, एच. डी. देवेगौडा, इन्दर कुमार गुजराल, यही नहीं नरसिंह राव और मनमोहन सिंह के साथ कांग्रेस ने कैसा व्यवहार किया, सभी जानते हैं।
श्री नकवी ने कहा कि "गठबंधन की गठरी में जितने छेद हैं उससे ज्यादा उनके नेताओं में मतभेद हैं। पहले छेद को रफ़ू करें, फिर मतभेद को रफ़ूचक्कर, तब देखें सत्ता का मुंगेरीलाल सपना।"
श्री नकवी ने कहा कि पहली बार है कि कोई गैर-कांग्रेसी सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी "स्थिरता और विश्वसनीयता" के साथ देश के सम्मान, समृद्धि, सशक्तिकरण की इबारत लिख रहे हैं। पूरी दुनिया "भारत की धमक, मोदी की धाक" महसूस कर रही है। "परिवार के प्रांगण" में सिमटी पार्टी को यह हजम नहीं हो रहा है।